: प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में दीक्षारंभ समारोह 3 जुलाई तक
Tue, Jul 2, 2024
सागर I उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालय मकरोनिया, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, 1 जुलाई से 3 जुलाई तक दीक्षारंभ समारोह का आयोजन किया जा रहा है। जिसका हो चुका है। कार्यक्रम का शुभारंभ मां वीणावादिनी की पूजा अर्चना के साथ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एस. रोहित ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन की सदैव मंशा रहती है कि वह किस प्रकार विद्यार्थियों सर्वांगीण विकास करें इसके लिए मध्यप्रदेश शासन समय समय विभिन्न प्रकार के कार्यकमों का आयोजन कराती है।
साथ ही दीक्षारंभ कार्यक्रम का उद्देश्य बाताते हुये कहा कि किस प्रकार नए विद्यार्थी नए परिवेश में सहज महसूस करेंगे, उनमें संस्थान की विशेष प्रकृति और संस्कृति को सीखने एवं अन्य छात्रों और संकाय के विभिन्न शिक्षको के साथ संबंध बनाकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने की बात कही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मिहिलाल अहिरवार जी ने नवप्रवेशित छात्रों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की अभिलाषा की है।
इसी क्रम में डॉ. शक्ति जैन ने विद्यार्थियों से कहा कि महाविद्यालय शिक्षा का मंदिर है यहां पर आप अनुशासन में रहना, समय का सदुपयोग करना, संस्कार एवं संस्कृति आदि से परिचित होकर किस प्रकार अपना संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास कर सकते है। कार्यक्रम में डॉ ए.सी. जैन वरिष्ठ प्राध्यापक ने संस्था का परिचय देते हुए महाविद्यालय की संपूर्ण विकास यात्रा से विद्यार्थियों को परिचित कराया साथ ही दिशा निर्देश देते हुए कहा की यह शिक्षा का महत्वपूर्ण स्थान है। यदि आप इसका सम्मान करेंगे तो जीवन के सर्वोच्च शिखर पर पहुँच जायेगे क्योंकि सृष्टि का नियम है जो हम करते है यही हमे उपहार के रूप में मिलता है।
दीक्षारंभ समारोह में आज नवप्रवेशित एवं पूर्व विद्यार्थियों का पुष्पगुच्छ एवं तिलक लगाकर स्वागत किया गया साथ ही विद्यार्थियों को एनईपी 2020 के अनुसार शैक्षणिक संरचना, परीक्षा प्रणाली एवं युवा उत्सव की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों के विभिन्न जिज्ञासु प्रश्नों का समाधान महाविद्यालय के शैक्षणिक स्टॉफ द्वारा किया गया। कार्यक्रम 150 विद्यार्थी एवं शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टॉफ उपस्थित रहा है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिव्या गुरू एवं आभार डॉ. डी.एन. नामदेव ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मिहिलाल अहिरवार, नगर पालिका अध्यक्ष, विशिष्ट अतिथि के रूप रानी अवन्ती बाई लोधी विश्वविद्यालय सागर की प्रथम कुल सचिव डॉ. शक्ति जैन, मण्डल अध्यक्ष कपिल कुशवाहा एवं समाज सेवी गुलझारी लाल जैन उपस्थित रहे।
: नए कानून के तहत जिले के 32 थानों में आज जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा
Mon, Jul 1, 2024
सागर
I देश के कानून में कुछ बदलाव किए हैं 1 जुलाई को तीन नए कानून गृह मंत्रालय द्वारा लागू किये जा रहे हैं। भारत सरकार द्वारा जो नए कानून जारी किए गए हैं वह भारतीय न्याय संहिता भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम है जो की पूर्व के क्रमशः भारतीय दंड संहिता आपराधिक प्रक्रिया संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की जगह लेंगे। इन नए कानून का मुख्य उद्देश्य देश की जनता को त्वरित न्याय दिलाना है। जिसके सफल क्रियान्वयन हेतु सागर पुलिस के समस्त अधिकारी,कर्मचारी पूरी तरह से प्रशिक्षित होकर कार्यवाही करें तथा आमजन को भी इस संबंध में जागरूक करें, इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्त अधिकारियों को प्रशिक्षण कार्यशालाएं व आम जनता में भी इसका प्रचार प्रसार हेतु कार्यवाही के दिशा-निर्देश दिये गये है।
उक्त निर्देशों के अनुक्रम में अति. पुलिस अधीक्षक बीना डॉ. संजीव कुमार एवं अति पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में विगत दिनों से लगातार पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नए आपराधिक कानून-2023 की प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जा रही है साथ ही आम नागरिकों के बीच जाकर भी नए कानून के विभिन्न प्रावधान व सुविधाओं के बारें में प्रचार प्रसार किया जा रहा है।
इसी कड़ी में पुलिस की टीम ने सागर जिले के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर नए कानून के बारें में विस्तृत रूप से जानकारी दी। पुलिस टीम ने सभी को बताया कि तीनों नवीन कानून - भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए बनाये गए है। इसमें महिलाओं व बच्चों से संबंधित अपराधों में पीड़ितों की समस्याओं को केंद्र में रखकर, अपराधियों के लिए और कड़ी सजा आदि पर ध्यान दिया गया है। कही पर भी घटना होने पर परिस्थितिवश कही पर भी एफआईआर की सुविधा तथा ई -एफआईआर का भी प्रावधान है ।
नये कानून में डिजिटल साक्ष्य, फोरेंसिक साक्ष्यों के महत्व को बढ़ाया गया है एवं हर चीज की समय सीमा को निर्धारित किया गया है कि, कितने समय में विवेचना पूर्ण करके चार्ट शीट पेश करना है और केस की अपडेट पीड़ित को समय सीमा में दी जाएगी। गवाह व पीड़ित आदि के बयान की वीडियो ग्राफी तथा बयान इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से लेने की भी प्रक्रिया है। पुलिस टीम ने उन्हें नए व पुराने कानूनों के तुल्नात्मक चार्ट और प्रावधानों को पीपीटी व पोस्टर आदि के माध्यम से समझाया।
साथ ही आमजन को भी इसका ज्ञान हो इसको ध्यान में रखते हुए सभी थानो मे भारतीय न्याय संहिता एंव भारतीय दण्ड संहिता के तुलनात्मक विवरण के पोस्टर लगाये गये ताकि थाने पर आने वाले किसी भी फरियादी एंव आमजन को नवीन अपराधिक कानून की विभिन्न धाराओं व प्रावधान के बारे में जानकारी रहे और उन्हें वे किसी भी प्रकार से भ्रमित न रहे। इसी क्रम में जनता को जागरूक करने हेतु 1 जुलाई से जन जागरूकता शिविर का आयोजन जिले की समस्त थाने एवं चौकी स्तर पर भी किया जा रहा है जिसमें गणमान्य नागरिकों को युवाओं को रिटायर्ड पुलिस कर्मियों को आमंत्रित किया जाएगा। एनसीईआरटी के मोबाइल एप पर भी कानून की तुलनात्मक टेबल उपलब्ध कराई गई है।
: लाखा बंजारा झील में घूमने के लिए अब मोटर एवं पेडल वोट उपलब्ध
Mon, Jul 1, 2024
सागर I सागर वासियों की भावनाओं से जुड़ी लाखा बंजारा झील में जहां सौंदर्यकरण का कार्य किया गया। वहीं अब इसमें शहरवासियों को झील में घूमने के लिए मोटर एवं पेडल वोट उपलब्ध कराई गई है ।
आज संभाग कमिश्नर डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत, कलेक्टर दीपक आर्य, नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री ने आज लाखा बंजारा झील में मोटर वोट का आनंद लिया एवं झील में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया। कलेक्टर दीपक आर्य ने बताया कि लाखा बंजारा झील में पर्याप्त पानी आते ही क्रूज भी प्रारंभ किया जाएगा। इसी प्रकार संजय ड्राइव पर क्रूज वाले स्थान पर सर्व सुविधा युक्त बात अनुकूलित रेस्टोरेंट भी शुरू किया गया है। उन्होंने शहर वासियों से अपील की है कि आप सभी इस सुविधा का लाभ अवश्य लें ।
संभाग कमिश्नर डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत, कलेक्टर दीपक आर्य एवं नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री ने लाखा बंजारा झील पहुंचकर मोटर वोट में पूरी सुरक्षा कवच के साथ तैनात होकर संपूर्ण झील का निरीक्षण किया एवं मोटर वोट का आनंद भी लिया ।
संभाग कमिश्नर डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि यह सागर जिलेवासियों के लिए जिला प्रशासन के द्वारा उपलब्ध कराई गई है और इससे शहरवासी अब पूरी झील का आनंद ले सकेंगे। नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री ने बताया कि मोटर एवं पैदल वोट में घूमने के लिए शुल्क निर्धारित किया गया है जिसको शुल्क देने के पश्चात आप इस वोट का आनंद ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि वोट में बैठने से पहले सभी को सुरक्षा जैकेट धारण करना होगी उसी के पश्चात लाखा बंजारा झील का आनंद ले ।