: निजी विद्यालय फीस व अन्य जानकारियाँ 8 जून तक पोर्टल पर अपलोड करें
Fri, May 31, 2024
राज्य शासन द्वारा प्रदेश के सभी निजी विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे स्कूल फीस तथा अन्य विषयों की जानकारी पोर्टल पर आगामी 8 जून तक अपलोड कर दें। शासन द्वारा प्रदेश के सभी कलेक्टर्स को 30 जून तक विशेष अभियान चलाकर निजी स्कूलों में अनियमितताओं को चिन्हांकित करने के निर्देश दिये गये हैं।स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा कलेक्टर्स को दिये गये निर्देशों में कहा गया है कि कतिपय विद्यालयों द्वारा फर्जी व डुप्लीकेट ISBN पाठ्य-पुस्तकों को पाठ्यक्रम में शामिल किया जा रहा है। अभियान में अनियमितताएँ चिन्हित होने पर संबंधित प्रकाशक एवं बुक सेलर्स के विरुद्ध नियमानुरूप कार्यवाही भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं।सभी कलेक्टर्स को जांच उपरांत प्रतिवेदन आयुक्त, लोक शिक्षण, म.प्र. को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं।कलेक्टर्स को जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि राज्य शासन को कतिपय निजी विद्यालयों द्वारा शासन द्वारा जारी निर्देशों का उल्लंघन कर अनियमितता बरतने की शिकायतें मिल रही हैं। कलेक्टर्स इस अधिनियम के सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करायें।उल्लेखनीय है कि प्रदेश में निजी विद्यालयों द्वारा फीस में वृद्धि एवं इसके संग्रहण तथा इससे जुड़े अन्य विषयों को रेगुलेट करने के लिये म.प्र. निजी विद्यालय (फीस तथा संबंधित विषयों का विनियमन) अधिनियम-2017 बनाया गया है। इस अधिनियम के अधीन म.प्र. निजी विद्यालय (फीस तथा संबंधित विषयों का विनियमन) नियम-2020 में प्रावधानित किया गया है कि राज्य सरकार निजी विद्यालयों की फीस व अन्य विषयों पर निर्णय लेकर फीस विनियमन कर सकेगी।
: गर्मी से निजात दिलाने चौराहों पर लगाए जा रहे ग्रीन नेट
Fri, May 31, 2024
सागरI नौतपा में भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को गर्मी से निजात दिलाने के लिए शहर के चौराहों पर ग्रीन नेट लगाए जा रहे है । जिससे सिग्नल पर वाहन चालकों को खड़ा होने में गर्मी से निजात मिल सके Iभीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर दीपक आर्य एवं नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री के द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे है ।
कलेक्टर दीपक आर्य ने बताया कि सागर जिले में वर्तमान में 44 डिग्री से ऊपर तापमान चल रहा है जिसके तहत शहरवासियों को भीषण गर्मी से बचने के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में विगत दिवस नगर निगम के द्वारा फॉगिंग मशीन बुलाई गई और चौराहों पर खड़े कर कृत्रिम वर्षा कर शहरवासियों को भीषण गर्मी से बचने का प्रयास किया जा रहा है। इसी प्रकार अब ग्रीन, रेड सिग्नल वाले चौराहों पर ग्रीन पंडाल लगाकर रेड लाइट होने पर रुकने वाले वाहन चालकों को भीषण गर्मी से निजात मिलेगी। साथ में फॉगिंग मशीन के द्वारा कृत्रिम वर्षा भी की जाएगी। शहरवासियों ने भीषण गर्मी से बचाव के लिए जिला एवं नगर निगम प्रशासन के द्वारा किए जा रहे हैं कार्यों की सराहना की है।
: उद्यानिकी विभाग द्वारा उर्ती में महिलाओ को नर्सरी तैयार करने का दिया जा रहा है प्रशिक्षण
Fri, May 31, 2024
सिंगरौली 30 मई 2024/सहायक संचालक उद्यानिकी एच.एन निमोरिया ने बताया कि बैढ़न विकास खण्ड के ग्राम पंचायत उर्ती में में मनरेगा योजनान्तर्गत उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के द्वारा सर्वेश्वरी महिला स्व सहायता समूह उर्ती के माध्यम से नर्सरी का कार्य संचालित है। सर्वेश्वरी महिला स्व सहायता समूह की 20 महिलाओं एवं ग्राम की महिलाओं द्वारा फलदार पौधो की नर्सरी तैयार करने के लिए महिलाओं द्वारा पॉलिथीन थैलियों की भराई की जा रही है। ग्राम की महिलाओं को आत्म निभर्र बनाने के लिए महिलाओं को विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण देकर नर्सरी का कार्य कराया जा रहा है।
सहायक संचालक उद्यानिकी ने बताया कि नर्सरी में मुनगा की 5000 पॉलिथीन थैलियों में बीजो की बुवाई की जा रही है। तथा फलदार पौधे जिसमें आम, अमरूद, नीबू एवं अन्य फलदार पौधो की बीजो बुवाई के लिए थैलिओं में मिट्टी भरने का कार्य किया जा रहा है। नर्सरी के अन्य कार्य जैसे नर्सरी की फेसिंग, जमीन समतलीकरण, नर्सरी में तालाब निर्माण आदि का कार्य किया जा रहा है। ताकि बरसात से पहले नर्सरी का कार्य पूर्ण किया जा सकें। नर्सरी में 1 वर्ष में 1 लाख पौधे तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। एवं विगत 2 वर्ष में कुल 1.50 लाख पौधे तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। एवं नर्सरी निर्माण होने से ग्राम की स्वसहायता समूह की महिलाओं के अलावा ग्राम के अन्य महिलओं को रोजगार मिलने का अवसर प्राप्त होगा। जिससे ग्राम की महिलाए आत्म निर्भर बन सकेंगी।
लोकेशन - सिंगरौली
रिपोर्टर - सनोज कुमार बैस