: BETUL NEWS खाद्य विभाग ने आइसक्रीम, लस्सी, पनीर, चीज के लिए नमूने
Sat, Apr 19, 2025
बैतूल 19 अप्रैल 2025/कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशानुसार जिले में मिलावट से मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को एडीएम श्री राजीव नंदन श्रीवास्तव और खाद्य विभाग की टीम द्वारा नेहरू पार्क स्थित चौपाटी का औचक निरीक्षण किया गया।खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री संदीप पाटिल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान चौपाटी पर विभिन्न खाद्य सामग्री जैसे आइसक्रीम, लस्सी, पनीर, चीज, पानीपुरी का पानी आदि के नमूने एकत्र किए गए हैं। इन सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने, शुद्ध व सुरक्षित खाद्य सामग्री का उपयोग करने तथा केप, एप्रन व दस्ताने पहनकर खाद्य सामग्री तैयार करने और वितरित करने के निर्देश भी दिए गए है। श्री पाटिल ने बताया कि मिलावट से मुक्ति अभियान उद्देश्य आम जनता को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। अभियान के तहत आगामी 15 दिनों में औचक निरीक्षण कर सैंपल लेने की कार्रवाई की जाएगी।क्रमांक/90/459/04/2025
: उच्च जोखिम गर्भवती महिला श्रीमती गीता सलामे का हुआ सुरक्षित प्रसव
Fri, Apr 18, 2025
बैतूल 18 अप्रैल 2025/भीमपुर विकासखंड के ग्राम पलासपानी की उच्च जोखिम गर्भवती महिला श्रीमती गीता सलामे का सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भीमपुर में सुरक्षित प्रसव हुआ है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.राजेश परिहार ने बताया कि श्रीमती गीता पति श्री मुकेश सलामे निवासी ग्राम पलासपानी विकासखण्ड भीमपुर का गर्भावस्था का पंजीयन 12 सप्ताह के पहले 10 सितम्बर 2024 को महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्रीमती पारकला नर्रे द्वारा किया गया। पंजीयन के समय श्रीमती गीता का वजन 42 किलोग्राम, एचबी 11.2 ग्राम, बीपी 149/102 एवं एल्बुमिन शुगर एबसेन्ट दर्ज किया गया। श्रीमती गीता का ब्लड प्रेशर बढ़ा होने के कारण उन्हें हाईरिस्क गर्भावस्था की श्रेणी में रखा गया। श्रीमती गीता के हाई रिस्क होने के कारण आशा कार्यकर्ता श्रीमती कलावती सलामे द्वारा प्रतिमाह की 9 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व शिविर में लाकर नियमित जांच कराई गई तथा एएनएम श्रीमती परकला नर्रे द्वारा प्रतिमाह आरोग्य केंद्र पर नियमित जांच की गई। श्रीमती गीता को आयरन, कैल्शियम की गोलियां खिलाई गईं तथा पोषण आहार, पर्याप्त आराम, नियमित जांच, नियमित दवाइयों के सेवन करने के बारे मे समझाइश दी गई।श्रीमती गीता की एलएमपी 24 जून 2024 एवं ईडीडी 31 मार्च 2025 के आधार पर आशा कार्यकर्ता श्रीमती कलावती सलामे के द्वारा प्रतिदिन निगरानी की गई। उन्हें 02 अप्रैल 2025 को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर 108 जननी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमपुर मे भर्ती कराया गया। श्रीमती गीता ने 03 अप्रैल 2025 को स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। जन्म के समय शिशु का वजन 2 किलो 700 ग्राम था। शिशु का जन्म के समय आवश्यक जीरो डोज टीकाकरण किया गया। 3 दिन अस्पताल में भर्ती रहने के पश्चात् 05 अप्रैल 2025 को डिस्चार्ज किया गया। श्रीमती गीता को पोषण आहार, शिशु को टीकाकरण एवं परिवार नियोजन के साधन अपनाने के बारे में परामर्श दिया गया। डिस्चार्ज के समय श्रीमती गीता के परिवार वालो ने स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया।सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भीमपुर के बीएमओ डॉ दीपक निगवाल ने बताया कि यदि उच्च जोखिम गर्भावस्था के लक्षणों का ध्यान रखकर उपचार न किया जाए एवं स्वास्थ्य दल द्वारा सतत निगरानी तथा देखरेख में कमी की जाए तो गर्भवती महिला की जान भी जा सकती है इसलिये उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली प्रत्येक महिला को स्वास्थ्य दल का परामर्श मानकर नियमित उपचार लेना चाहिए।क्रमांक/86/455/04/2025
: शासकीय एकलव्य महिला आईटीआई में जिला स्तरीय रोजगार मेला आयोजित
Thu, Apr 17, 2025
बैतूल 17 अप्रैल 2025 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराकर प्रदेश की नई सोच और चेतना को मुख्य धारा से जोड़ने के उद्देश्य से युवा संगम के तहत गुरुवार को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बैतूल में किया गया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री वसंत बाबा माकोड़े, जिला उद्योग के महाप्रबंधक श्री रोहित डाबर, नोडल प्राचार्य श्री केशव सातपुते एवं संस्था प्राचार्य श्री रेवाशंकर पंडाग्रे मुख्य रूप से उपस्थित रहे। श्री माकोड़े ने केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा युवाओं को आगे लाने के लिये किये जा रहे कार्यों एवं योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार की दृष्टि से वैश्विक स्तर पर भारत की युवा शक्ति अपना दमखम दिखाने के लिये तैयार है, यही कारण है कि पूरे विश्व से भारत में व्यापक विनिवेश प्राप्त हो रहा है और नई-नई कंपनियों का आगमन हो रहा है। महाप्रबंधक श्री रोहित डाबर ने उपस्थित युवा शक्ति से आग्रह किया कि होमसिकनेस को तिलांजलि दे एवं उपलब्ध रोजगार को प्राप्त कर अच्छी शुरुआत करें। उन्होंने स्वरोजगार को प्रोत्साहित करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना जैसी योजनाओं में आसानी से ऋण प्राप्त कर अपना उद्यम स्थापित किया जा सकता है।जिला टीपीओ श्री रूपेश ठाकरे एवं संस्था टीपीओ श्री विवेक दायमा ने बताया कि रोजगार मेले में 779 ऑनलाइन पंजीयन हुए जिनमें से 414 आकांक्षी युवक-युवती उपस्थित हुई। इस दौरान 322 आवेदकों का प्राथमिक चयन हुआ है। जिसमें 12 आवेदकों का चयन अप्रेंटिसशिप के लिये हुआ है। वर्धमान फेब्रिक्स लिमिटेड बुदनी के प्रतिनिधि अजय मालवीय ने बताया कि चयनित 24 युवक-युवतियों का प्रथम दल दिनांक 21 अप्रैल 2025 को महिला आईटीआई बैतूल से कंपनी के खर्च पर ज्वाइन करने के लिए बुदनी रवाना किया जायेगा।क्रमांक/86/455/04/2025