: देवतुल्य जनता मेरी ताकत: मंत्री राजपूत
Tue, Aug 27, 2024
जन्मदिन पर आयोजित स्वागत समारोह में बोले प्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री, बुंदेलखंड के विकास के लिए कभी कोई कसर बाकी नहीं रहेगी
सागर । प्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा है कि बुंदेलखंड क्षेत्र की देवतुल्य जनता और कार्यकर्ता ही मेरी असली ताकत हैं। बुंदेलखंड के विकास के लिए मैं कभी भी कोई कसर बांकी नहीं रखूंगा। मंत्री राजपूत ने आयोजित कार्यकर्ता मिलन समारोह एवं जन्मोत्सव कार्यक्रम समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आने वाला समय बुंदेलखंड के विकास की नई दशा और दिशा तय करेगा। सुरखी विधानसभा क्षेत्र की जनता भी उसी विकास का हिस्सा बनेगी। खाद्य मंत्री राजपूत ने कहा कि आज मेरे जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने हमारे पास पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं, मित्रगण, रिश्तेदार एवं समस्त देवतुल्य जनता का हृदयतल से आभार-अभिनंदन है। आप सभी का स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी ताकत है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपका सहयोग और समर्थन हमेशा ऐसे ही बना रहेगा। मंत्री राजपूत ने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य के सभी क्षेत्रों में विकास की गंगा बह रही है। उन्होंने कहा कि राज्य और समाज के सभी तबकों को साथ लेकर चलने का उनके सर्वांगीण विकास एवं न्याय के साथ विकास पथ पर बढ़ने का जो मूल मंत्र उनके नेता डॉ मोहन यादव का है, वह उस लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ से लेकर गांव-गांव तक मजबूत बनाने को लेकर पूरी ताकत से काम किया जा रहा है। इस समय सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता अभियान पर फोकस करना है। हम सब को मिलकर पूरे बुन्देलखण्ड क्षेत्र से ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ना है।उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के प्रति अटूट श्रद्धा हमारी पहचान है। हमारी चेतना में एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय का दर्शन समाहित है, जो हमें मानव धर्म के लक्ष्यों के प्रति जागरूक रखता है। इनके रास्ते पर चलते हुए हम मध्यप्रदेश के जन-जन का सपना पूरा करेंगे।
मोदी के नेतृत्व में देश ने बड़ी-बड़ी सफलताएं अर्जित की है
खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों, योजनाओं, कार्यक्रमों और अभियानों के कारण विगत लगभग एक दशक में देश ने सभी क्षेत्रों में बड़ी-बड़ी सफलताएं अर्जित की हैं, जिसके कारण एक ओर जहां प्रत्येक देशवासी का माथा गर्व से ऊंचा हुआ है, वहीं दूसरी ओर पूरी दुनिया ने भारत का लोहा माना है। अनेक क्षेत्रों में अब भारत, विश्व का नेतृत्व कर रहा है। हमारे गणतंत्र की गौरवगाथा से देश और प्रदेश के विकास को नए पंख मिले हैं।
केन्द्रीय जेल में की गौपूजा, मां के नाम किया पौधरोपण
खाद्य मंत्री राजपूत ने अपने जन्मदिन के अवसर पर सागर केन्द्रीय जेल पहुंचकर गौशाला में गौपूजन करते हुए गायों को चारा खिलाया साथ ही जेल प्रांगण में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। इसके अलावा केन्द्रीय जेल में ही स्थापित विद्यासागर हथकरधा केन्द्र पहुंचे जहां कार्य कर रहे बंदियों से चर्चा की तथा उनके बनाए उत्पादों की सराहना की।
सांसद, विधायक सहित बुंदेलखंड से आये जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
मंत्री राजपूत के जन्मदिन के अवसर पर सुरखी विधानसभा सहित बुन्देलखंड तथा प्रदेश भर से उनके समर्थकों का जन सैलाब अपने लाड़ले नेता को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचा। इस अवसर पर सागर सांसद लता वानखेड़े, विधायक प्रदीप लारिया, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी , गौरव सीरोठिया, प्रभुदयाल पटैल, देवेन्द्र पप्पू फुस्केले सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने जन्मदिन की शुभकामनाएं मंत्री राजपूत को दीं।
बच्चों के बीच काटा केक, बांटे उपहार
मंत्री राजपूत ने घरौंदा आश्रम पहुंचकर बच्चों के बीच भी अपना जन्मदिन मनाया। यहां जहां उन्होंने बच्चों के साथ केक काटा एवं बच्चों को मिठाइयां व उपहार बांटे। इस अवसर पर आश्रम की बच्चियों ने मंत्री राजपूत का राखी बांधकर स्वागत किया। इसके अलावा सागर जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, आकाश सिंह राजपूत, आदित्य सिंह राजपूत, मूरत सिंह राजपूत, अरविंद सिंह टिंकू राजा, ज्वाला सिंह खटीक शहर के विभिन्न आश्रमों में पहुंचे। जहां मंत्री राजपूत के जन्मदिन के अवसर पर मिठाईयां, उपहार आश्रमों में भेंट किये।
जैसीनगर, सीहोरा को दी कचरा गाड़ी की सौगात
मंत्री राजपूत ने जन्मदिन के अवसर पर स्वच्छता अभियान के अंतर्गत सीहोरा, तथा जैसीनगर पंचायत को 10-10 लाख की कचरा गाड़ी की सौगात दी। ताकि स्वच्छता गांव में बनी रहे। ग्रामीणों के लिए कचरा गाड़ी उपलब्ध होने से पंचायत में व्यवस्थित कचरा एकत्रित करने की सुविधा हो जायेगी।
मटकी फोड़ प्रतियोगिता, राधे राधे मंडल ने बांधा समा
हर वर्ष की तरह मंत्री राजपूत के जन्मदिन के अवसर पर होटल रॉयल पैलेस में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जहां सैकड़ों युवाओं ने मटकी फोड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। साथ ही आयोजन में राधे राधे मंडल के आयोजनो ने लोगों को खूब लुभाया।
: सागर रुद्राक्ष धाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भव्यता से मनाई गई , भजनों पर झूम उठे लोग
Tue, Aug 27, 2024
सागर।
सागर में सोमवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर सुबह से ही मन्दिरों में धूमधाम रही। राधा-कृष्ण मंदिरों में धार्मिक आयोजन सुबह से ही शुरू हो गए , जो देर रात तक चलें।
रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया।
सागर के बामोरा में स्थित भगवान राधाकृष्ण रुद्राक्ष धाम मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन सोमवार को किया गया। सुबह 10.30 बजे इंदौर के हनुमंत ध्वज पथक बैंड की प्रस्तुति के साथ आरती से महोत्सव शुरू हुआ। दिनभर भजनों की प्रस्तुति का दौर चला। जिसमें भजनों की प्रस्तुतियों पर भक्त जमकर झूमे।
दरअसल सागर में सोमवार को कृष्ण जन्माष्टमी मनाई गई। रात 12 बजे भगवान का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया।
सुबह से ही राधा-कृष्ण मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। वहीं रुद्राक्ष धाम में दिनभर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। छोटे बच्चे राधा-कृष्ण का स्वरुप धारण कर कार्यक्रम में पहुंचे। तो उज्जैन और निमाड़ से आए कलाकारों ने राधा-कृष्ण की लीलाओं की प्रस्तुतियां दी। जिन्हें देखने के लिए दिनभर भक्तों की भीड़ लगी रही।
निमाड़ के कलाकारों ने रुद्राक्ष धाम मंदिर में चल रहे जन्माष्टमी महोत्सव में श्री राधाकृष्ण नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने नृत्य नाटिका के एक दृश्य में भगवान श्री राधाकृष्ण जी का पुष्पाभिषेक किया।
रुद्राक्ष धाम में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव विशेष हर्ष से मनाया गया। रात 12 बजते ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की बेला में इंदौर के ध्वज पथक बैंड और रंगारंग आतिशबाजी के साथ मंदिर में घंटियां बजने लगीं,भगवान श्रीकृष्ण की आरती के साथ ही आसमान में सतरंगी आतिशबाजी से हुई चारों तरफ एक ही गूंज सुनाई दे रही थी नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की।
अबिराज ने प्रसादी वितरण में की सेवा
जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान जिले भर से आए जनप्रतिनिधियों ने पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह से भेंट की। महोत्सव में रक्षाबंधन के त्यौहार जैसी अनुभूति जन्माष्टमी महोत्सव में हुई, जब रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में खुरई भाजपा महिला मोर्चा की अनेक बहिनें पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह को राखी लेकर पहुंचीं।
युवा भाजपा नेता अबिराज सिंह संकीर्तन और प्रसादी वितरण में सक्रिय रहे। कार्यक्रम में सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायक प्रदीप लारिया, महापौर संगीता तिवारी, डॉ. सुशील तिवारी, पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, पूर्व विधायक महेश राय, पूर्व विधायक पारूल साहू, विधायक निर्मला सप्रे, जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया, रिशांक तिवारी, संध्या भार्गव, अनुराग प्यासी, नवीन भट्ट आदि समेत बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
: विधायक ने सागर झील के जल का किया आचमन
Tue, Aug 27, 2024
सागर |श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर चकराघाट स्थित भट्टोघाट पर पूरे विधि विधान के साथ गंगा आरती का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर 11 पंडितों द्वारा पूजन करवाया गया।
विधायक शैलेंद्र जैन को झील के जल का आचमन कराया गया तो उन्होंने पूर्ण भक्ति भाव के साथ सागर झील के जल से आचमन किया उसके बाद गंगा आरती प्रारंभ की गई। विधायक शैलेंद्र जैन के द्वारा सागर झील के जल का आचवन करने से झील का गौरव पुनः वापस लौटने का संदेश दिया तथा सागर झील को प्रदूषण मुक्त एवं स्वच्छ रखने की लोगों में नई ऊर्जा का संचार हुआ । उल्लेखनीय है कि सागर स्मार्ट सिटी एवं नगर निगम द्वारा कार्यकारी सह निदेशक स्मार्टसिटी सागर एवं नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री द्वारा सागर झील के सौंदर्यीकरण, प्रदूषण मुक्त एवं स्वच्छ रखने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहे हैं जिसके कारण लोगों में सागर झील को स्वच्छ रखने हेतु नई ऊर्जा का संचार हुआ है।