: जागरूकता ही स्वच्छता मिशन की सफलता है: मंत्री गोविंद सिंह राजपूत
Wed, Sep 18, 2024
स्वच्छता ही सेवा अभियान का मंत्री राजपूत ने महाकवि पद्माकर सभागार में किया शुभारंभ
सागर I प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का स्वच्छता अभियान अब शहरों से बढ़कर गांव-गांव और हर व्यक्ति तक पहुंच चुका है। यह अभियान अब एक जन अभियान बन चुका है और यही जागरूकता स्वच्छता अभियान की सफलता है। यह बात खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने पद्माकर सभागार में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के शुभारंभ के अवसर पर कही। स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम जीरो बेस्ट थीम पर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विधायक शैलेंद्र जैन, महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, गौरव सारोठिया, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, कलेक्टर संदीप जी आर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विवेक ए वी, नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर रुपेश उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे।
मंत्री राजपूत ने कहा कि स्वच्छता अभियान को लेकर हर व्यक्ति अब जागरूक हो चुका है, कोई भी कचरा फेंकने से पहले अब सोचता है कि कचरा कहां फेंके ? उन्होंने कहा कि एक समय था कि जब सागर में जगह-जगह कचरा के ढेर हुआ करते थे लेकिन स्वच्छता अभियान इतने बड़े स्तर पर पहुंच चुका है कि अब सागर शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी गलियां, सड़के, मोहल्ले साफ-सुथरा नजर आते हैं। यह सब हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दृढ़ इच्छाशक्ति से संभव हो पाया है।
मंत्री राजपूत ने कहा कि यह स्वच्छता अभियान को हमें इस स्तर तक आत्मसात करना होगा कि अब स्वच्छता के लिए हमें किसी सरकारी या गैर सरकारी एजेंसी की कचरा इकट्ठा करने के लिए जरूरत ना पड़े। गांव-गांव पहुंच रही कचरा गाड़ी ने लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरुकता पैदा की है हमारा घर, मोहल्ला, गांव, शहर स्वच्छ रहे, इसका हम सबको संकल्प लेना है।
मंत्री राजपूत ने सभागार में स्वच्छता की शपथ दिलाई। मंत्री श्री राजपूत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की सभी को शुभकामनाएं प्रेषित की।
विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा की स्वच्छता के भाव को जागृत अवस्था में लाने की आवश्यकता है और यह आवश्यकता हम सभी के लिए है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के द्वारा स्वच्छता अभियान को चलाकर जो शुरुआत की गई थी वह अब जन-जन तक पहुंच चुकी है और हम सभी इसका ध्यान भी रख रहे हैं। विधायक श्री जैन ने कहा कि देश के 140 करोड लोग इस अभियान के अंतर्गत संकल्प लें कि हमें अपने देश को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाना है।
विधायक जैन ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता प्रधानमंत्री का जन्मदिन स्वच्छता दिवस के रूप में मना रही हैं।
स्वच्छता पखवाड़ा अभियान में मंत्री राजपूत, विधायक शैलेंद्र जैन सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों ने स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक ए. वी. ने आभार व्यक्त किया। जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉ. अरविंद जैन के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में अनेक हितग्राहियों को उनके लाभपत्र भी प्रदान किए गए एवं स्वच्छता मित्रों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय संचालक डॉ. ज्योति चौहान, मुख्य चिकित्सा में स्वास्थ्य अधिकारी ड. ममता तिमोरी, सिविल सर्जन डॉ. आर एस जयंत, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन, जिला परियोजना अधिकारी बृजेश त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
: संत श्री दादा गुरु जी महाराज पहुँचे सागर, पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह के साथ बामोरा स्थित होटल श्री जी का किया शुभारंभ
Tue, Sep 17, 2024
सागर। नर्मदा पुत्र मां नर्मदा जी के कृपापात्र पिछले 4 सालों से केवल माँ नर्मदा का जल ग्रहण कर जीवित रहने वाले महान आध्यात्मिक संत श्री दादा गुरु जी महाराज सोमवार को सागर बामोरा पहुँचे। संत श्री दादा गुरु जी महाराज और पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने बामोरा स्थित फोरलेन हाईवे पर पृथ्वी सिंह के नवीन प्रतिष्ठान होटल श्रीजी का पूर्ण विधि-विधान से उद्घाटन कर शुभारंभ किया। उन्होंने होटल श्रीजी का शुभारंभ कर आशीर्वाद और प्रचवन दिए। संत श्री दादा गुरु महाराज जी ने बामोरा भूमि पर पदार्पण के साथ बड़े ही भावपूर्ण हो कर बटवृक्ष का पौधा रोपण कर बटवृक्ष की आरती की। इस अवसर पर पूर्व गृहमंत्री, विधायक भूपेन्द्र सिंह और पृथ्वी सिंह बामोरा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
जैसे ही दादा गुरु ने श्री जी होटल परिसर में कदम रखा तो उन पर फूलों की बारिश की गई, होटल का फीता काटकर और दीप जलाकर होटल का शुभारंभ किया गया।
संत श्री दादा गुरु ने आशीष वचन देते हुए कहा की बुंदेलखंड की माटी और उस माटी में सागर जब भी हम सागर की माटी को छूते हैं तो वह मुझे लाखा बंजारा की झील नजर आती है।बुंदेलखंड की माटी जिसमें धैर्य और शौर्य है उस माटी को नमन करने और उस माटी का वन्दन करने आये है।
जब भी वे सागर आते है लाखा बंजारा का बलिदान याद आता है, वे जल्द ही दोबारा सागर बुंदेलखंड आएंगे,यहां की नदियों पर्वत मालाओ के पथ पर चलेंगे, उन्होंने कहा की व्यक्ति का आहार ,विचार और व्यवहार अच्छा हो तो कोई भी समस्या छू नही सकती। उन्होंने कहा की लोगो के आहार विचार और व्यवहार परिवार जैसा मिले तो यह भी सेवा ही है, पहले जब हाईवे पर हजार पांच सो किलो मीटर चलते है, तो अच्छे आहार की चाह होती है पृथ्वी सिंह का श्री जी प्रतिष्ठान ऐसी ही सेवा करेगा और इस हाईवे पर ऐसे ही सेवा केंद्र खुलेंगे।
उनकी आगवानी पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह, सागर जनपद अध्यक्ष सविता पृथ्वी सिंह, पृथ्वीसिंह ,सतेंद्र सिंह, प्रभात सिंह सहित सैकड़ो लोगो ने की।
संत दर्शन और वाणी का लाभ ले :भूपेंद्र सिंह
इस अवसर पर पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कभी जब हमे संत के दर्शन और आशीष वचन सुनने का अवसर मिले तो हमे इसका लाभ लेना चाहिये धर्म के लिए देश की संस्कृति के लिए । संतो के आशीर्वाद से ही पूरी व्यवस्था का संचालन हो रहा है।
इस अवसर पर पृथ्वी सिंह ने सभी का स्वागत और आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दादा गुरु जी के बामोरा में चरण पढ़ने से यह क्षेत्र धन्य हो गया। दादा गुरु का आर्शीवाद हमारे जीवन के लिए महत्वपूर्ण है।
सर्वसुविधायुक्त है नवनिर्मित होटल श्री जी
पृथ्वी सिंह ने बताया कि फोरलेन स्थित होटल श्री जी सर्वसुविधायुक्त आधुनिक होटल है। होटल में 24 घंटे सुवाधाए रहेंगी इसमें दो ओपन रेस्टोरेंट, दो रूप टाप और मीटिंग, पार्टी और शादी हाल बनाएंगे है। इसी के साथ कमरे भी सर्वसुविधायुक्त है । ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने का लक्ष्य है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक नारायण कबीरपंथी, महापौर प्रतिनिधि सुशील तिवारी, सतेंद्र सिंह, प्रभात सिंह , जनपद अध्यक्ष सविता पृथ्वीसिंह ,नेवी जैन, लक्ष्मण सिंह, संतोष रोहित, किशन अग्रवाल, राहुल साहू, डा अशोक अहिरवार, विनोद चौकसे, गोरांग सिंह, केशव सिंह, शशांक शर्मा, नवीन भट्ट, राजेश पंडित आदि मोजूद रहे ।
: विषय:- नेशनल लोक अदालत
Sat, Sep 14, 2024
लोक अदालतें प्रकरणों के निराकरण का सबसे सुलभ व सस्ता माध्यम
50 खण्डपीठों द्वारा 3042 प्रकरण निराकृत किए गए जिसमें राशि रूपये 14,78,11,708/- (चौदह करोड़ अठहत्तर लाख ग्यारह हजार सात सौ आठ रूपये) का अवार्ड पारित किया गया
सागर/ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली व मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के दिशा-निर्देशानुसार दिनाँक 14/09/2024 (शनिवार) को नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय, सागर एवं समस्त तहसील न्यायालयों में किया गया।
जिला मुख्यालय, सागर में उक्त नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ माननीय माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष महोदय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सागर श्री महेश कुमार शर्मा के द्वारा किया गया जिसमें विशेष न्यायाधीश व को-आर्डिनेटर नेशनल लोक अदालत श्री प्रदीप सोनी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री दिनेश सिंह राणा, कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश, श्री अतुल कुमार खण्डेलवाल, उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग के अध्यक्ष श्री राजेश कोष्टा, अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ श्री जितेन्द्र सिंह राजपूत एवं म.प्र. राज्य अधिवक्ता परिषद् जबलपुर के सदस्यगण श्री राजेश पाण्डे व श्रीमती रश्मिऋतु जैन सहित समस्त न्यायाधीशगण, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री योगेश बंसल, जिला वन मण्डल अधिकारी श्री महेन्द्र प्रताप सिंह, जिला अधिवक्ता संघ के सचिव श्री कुवंर वीरेन्द्र प्रताप सिंह व कार्यकारिणी के सदस्यों सहित अधिवक्तागण, न्यायालयीन कर्मचारीगण व बैंक, विद्युत, बी.एस.एन.एल., बीमा कंपनियों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
उक्त कार्यक्रम को संबोधित करते हुये माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश महोदय श्री शर्मा द्वारा अपने उद्बोधन में आमजन को संदेश दिया कि समय-समय पर आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारगण द्वारा अपना मामला निराकृत करवाये जाने पर उनके समय व धन की बजत होती है। इस अवसर पर सचिव श्री राणा द्वारा नेशनल लोक अदालत में गठित खण्डपीठों की जानकारी वर्णित करते हुये रूपरेखा इत्यादि की जानकारी दी।
दिनांक 14.09.2024 को आयोजित नेशनल लोक अदालत हेतु संपूर्ण जिले मंे कुल 50 खण्डपीठों का गठन किया गया, जिसमें न्यायालय में लंबित प्रकरणों में से 1398 प्रकरण एवं प्री-लिटिगेशन के 1644 प्रकरणों का निराकरण राजीनामा के आधार पर किया गया, जिसमें मोटर दुर्घटना के 87 प्रकरणों का निराकरण कर क्षतिपूर्ति राशि रूपये 1,30,11,500/- के अवार्ड पारित किए गए, चैक बाउंस के 319 प्रकरणों के निराकरण में कुल राशि रूपये 8,10,93,514/- का समझौता अवार्ड किया गया। आपराधिक प्रकृति के शमन योग्य 533 प्रकरण, विद्युत के 158 प्रकरण, पारिवारिक विवाद के 86 प्रकरण तथा दीवानी एवं अन्य प्रकृति के 43 प्रकरणों का निराकरण किया गया। विभिन्न बैंकों के 107 प्री-लिटिगेशन प्रकरण, विद्युत विभाग के 470 प्री-लिटिगेशन प्रकरण, नगर निगम के 220 प्री-लिटिगेशन प्रकरण, ई ट्रेफिक चालान के 709 प्रीलिटिगेशन संबंधी प्रकरण एवं अन्य प्रकृति के प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण भी इस अवसर पर हुआ जिसमें राशि रूपये 2,69,01,225/- का राजस्व प्राप्त हुआ।
सफलता की कहानी:-
माननीय न्यायालय श्री राहुल सोनी, न्यायिक मजिस्ट्रेट, सागर के न्यायालय में लंबित प्रकरण में आवेदिका का विवाह अनावेदक के साथ दिनांक 17.06.2019 को संपन्न हुआ था। आवेदिका के यहॉं दो पुत्री होने से दूसरी पुत्री के जन्म के समय के बाद से अनावेदक, आवेदिका के साथ नहीं रह रहा था, जिससे उभयपक्ष दिनांक 25.11.2020 से पृथक-पृथक रह रहे थे जिसके चलते दोनों के मध्य घरेलू हिंसा एवं भरण-पोषण के प्रकरण पंजीबद्ध होकर लंबित थे उक्त प्रकरण में माननीय न्यायालय द्वारा उभयपक्ष को समझाईश दी गई और पृथक-पृथक उभय पक्षों के तथ्यों को सुना, उसके बाद उभय पक्ष के मध्य राजीनामा होकर साथ-साथ रहने को तैयार हो गये।
माननीय न्यायालय श्री आशीष शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट, सागर के न्यायालय में लंबित प्रकरण में आवेदिका एवं अनावेदिका की शादी दिनांक 29.01.2016 को हुई थी अनावेदक प्राईवेट कंपनी में कार्यरत होकर विदेश चला गया था। विदेश से वापिस आने के पश्चात अनावेदक ने आवेदिका से दूरी बना ली थी और फिर कर्नाटक नौकरी करने चला गया था उभयपक्ष के मध्य भरण-पोषण व विवाह विच्छेद संबंधी प्रकरण पूर्व से चले थे। वर्ष 2018 से पृथक-पृथक रह रहे थे। माननीय न्यायालय द्वारा उभयपक्ष को समझाईश दी गई और पृथक-पृथक उभय पक्षों के तथ्यों को सुना, उसके बाद उभय पक्ष के मध्य सुलहवार्ता कराई गई जिसके फलस्वरूप उभयपक्षों के मध्य राजीनामा होकर साथ-साथ रहने को तैयार हो गये।
माननीय न्यायालय सुश्री रीना शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट, सागर के न्यायालय में लंबित प्रकरण में आवेदिका एवं अनावेदिका की शादी दिनांक 18.04.2012 को हुई थी उभयपक्ष के मध्य घरेलू हिंसा एवं 498ए भा.द.वि. के प्रकरण चल रहे थे। आवेदिका ने 2016 में एक लड़की को जन्म दिया था तथा दूसरे बच्चे का जन्म होना था तब गर्भावस्थता के 05 माह के समय में चिकित्सकीय जॉच रिपोर्ट आने पर उभयपक्ष के मध्य वाद-विवाद होने लगे और अनावेदक ने आवेदिका को साथ रखने से इंकार कर दिया तथा मारपीट की आवेदिका ने माननीय न्यायालय के समक्ष घरेलू हिंसा एवं भरण-पोषण की कार्यवाही की प्रकरण के चलते अनावेदक आवेदिका को साथ रखने के लिये तैयार हो गया। माननीय न्यायालय द्वारा उभयपक्ष को समझाईश दी गई ओर पृथक-पृथक उभय पक्षों के तथ्यों को सुनने के उपरांत उभय पक्ष के मध्य सुलहवार्ता कराई गई जिसके चलते उभयपक्षों के मध्य राजीनामा होकर साथ-साथ रहने को तैयार हो गये।
माननीय न्यायालय श्रीमती पूजा अहिरवार, व्यवहार न्यायाधीश, सागर के न्यायालय में लंबित प्रकरण में वादी के पिता 04 भाई थे जिनमें हिन्दु परिवार की अविभाजित संपत्ति सागर शहर एवं उसके आस-पास के क्षेत्रों में स्थित थी वादी ने अपने पारिवारिक सदस्यों के विरूद्ध संपत्ति के बॅटवारा संबंधी एक वाद वर्ष 2022 में प्रस्तुत किया जिसमें परिवार के अन्य तीन भाईयों के बारसान कुल 11 प्रतिवादीगण थे वादीगण एवं प्रतिवादीगण के मध्य माननीय न्यायालय की उपस्थिति में सुलहवार्ता कराये जाने पर वादी एवं प्रतिवादीगण ने आपसी बॅंटवारा नामा कर संतुष्टि पूर्ण कार्यवाही कर राजीनामा कर प्रकरण का निराकरण कराया।