: विषय:- नेशनल लोक अदालत
Sat, Sep 14, 2024
लोक अदालतें प्रकरणों के निराकरण का सबसे सुलभ व सस्ता माध्यम
50 खण्डपीठों द्वारा 3042 प्रकरण निराकृत किए गए जिसमें राशि रूपये 14,78,11,708/- (चौदह करोड़ अठहत्तर लाख ग्यारह हजार सात सौ आठ रूपये) का अवार्ड पारित किया गया
सागर/ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली व मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के दिशा-निर्देशानुसार दिनाँक 14/09/2024 (शनिवार) को नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय, सागर एवं समस्त तहसील न्यायालयों में किया गया।
जिला मुख्यालय, सागर में उक्त नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ माननीय माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष महोदय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सागर श्री महेश कुमार शर्मा के द्वारा किया गया जिसमें विशेष न्यायाधीश व को-आर्डिनेटर नेशनल लोक अदालत श्री प्रदीप सोनी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री दिनेश सिंह राणा, कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश, श्री अतुल कुमार खण्डेलवाल, उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग के अध्यक्ष श्री राजेश कोष्टा, अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ श्री जितेन्द्र सिंह राजपूत एवं म.प्र. राज्य अधिवक्ता परिषद् जबलपुर के सदस्यगण श्री राजेश पाण्डे व श्रीमती रश्मिऋतु जैन सहित समस्त न्यायाधीशगण, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री योगेश बंसल, जिला वन मण्डल अधिकारी श्री महेन्द्र प्रताप सिंह, जिला अधिवक्ता संघ के सचिव श्री कुवंर वीरेन्द्र प्रताप सिंह व कार्यकारिणी के सदस्यों सहित अधिवक्तागण, न्यायालयीन कर्मचारीगण व बैंक, विद्युत, बी.एस.एन.एल., बीमा कंपनियों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
उक्त कार्यक्रम को संबोधित करते हुये माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश महोदय श्री शर्मा द्वारा अपने उद्बोधन में आमजन को संदेश दिया कि समय-समय पर आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारगण द्वारा अपना मामला निराकृत करवाये जाने पर उनके समय व धन की बजत होती है। इस अवसर पर सचिव श्री राणा द्वारा नेशनल लोक अदालत में गठित खण्डपीठों की जानकारी वर्णित करते हुये रूपरेखा इत्यादि की जानकारी दी।
दिनांक 14.09.2024 को आयोजित नेशनल लोक अदालत हेतु संपूर्ण जिले मंे कुल 50 खण्डपीठों का गठन किया गया, जिसमें न्यायालय में लंबित प्रकरणों में से 1398 प्रकरण एवं प्री-लिटिगेशन के 1644 प्रकरणों का निराकरण राजीनामा के आधार पर किया गया, जिसमें मोटर दुर्घटना के 87 प्रकरणों का निराकरण कर क्षतिपूर्ति राशि रूपये 1,30,11,500/- के अवार्ड पारित किए गए, चैक बाउंस के 319 प्रकरणों के निराकरण में कुल राशि रूपये 8,10,93,514/- का समझौता अवार्ड किया गया। आपराधिक प्रकृति के शमन योग्य 533 प्रकरण, विद्युत के 158 प्रकरण, पारिवारिक विवाद के 86 प्रकरण तथा दीवानी एवं अन्य प्रकृति के 43 प्रकरणों का निराकरण किया गया। विभिन्न बैंकों के 107 प्री-लिटिगेशन प्रकरण, विद्युत विभाग के 470 प्री-लिटिगेशन प्रकरण, नगर निगम के 220 प्री-लिटिगेशन प्रकरण, ई ट्रेफिक चालान के 709 प्रीलिटिगेशन संबंधी प्रकरण एवं अन्य प्रकृति के प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण भी इस अवसर पर हुआ जिसमें राशि रूपये 2,69,01,225/- का राजस्व प्राप्त हुआ।
सफलता की कहानी:-
माननीय न्यायालय श्री राहुल सोनी, न्यायिक मजिस्ट्रेट, सागर के न्यायालय में लंबित प्रकरण में आवेदिका का विवाह अनावेदक के साथ दिनांक 17.06.2019 को संपन्न हुआ था। आवेदिका के यहॉं दो पुत्री होने से दूसरी पुत्री के जन्म के समय के बाद से अनावेदक, आवेदिका के साथ नहीं रह रहा था, जिससे उभयपक्ष दिनांक 25.11.2020 से पृथक-पृथक रह रहे थे जिसके चलते दोनों के मध्य घरेलू हिंसा एवं भरण-पोषण के प्रकरण पंजीबद्ध होकर लंबित थे उक्त प्रकरण में माननीय न्यायालय द्वारा उभयपक्ष को समझाईश दी गई और पृथक-पृथक उभय पक्षों के तथ्यों को सुना, उसके बाद उभय पक्ष के मध्य राजीनामा होकर साथ-साथ रहने को तैयार हो गये।
माननीय न्यायालय श्री आशीष शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट, सागर के न्यायालय में लंबित प्रकरण में आवेदिका एवं अनावेदिका की शादी दिनांक 29.01.2016 को हुई थी अनावेदक प्राईवेट कंपनी में कार्यरत होकर विदेश चला गया था। विदेश से वापिस आने के पश्चात अनावेदक ने आवेदिका से दूरी बना ली थी और फिर कर्नाटक नौकरी करने चला गया था उभयपक्ष के मध्य भरण-पोषण व विवाह विच्छेद संबंधी प्रकरण पूर्व से चले थे। वर्ष 2018 से पृथक-पृथक रह रहे थे। माननीय न्यायालय द्वारा उभयपक्ष को समझाईश दी गई और पृथक-पृथक उभय पक्षों के तथ्यों को सुना, उसके बाद उभय पक्ष के मध्य सुलहवार्ता कराई गई जिसके फलस्वरूप उभयपक्षों के मध्य राजीनामा होकर साथ-साथ रहने को तैयार हो गये।
माननीय न्यायालय सुश्री रीना शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट, सागर के न्यायालय में लंबित प्रकरण में आवेदिका एवं अनावेदिका की शादी दिनांक 18.04.2012 को हुई थी उभयपक्ष के मध्य घरेलू हिंसा एवं 498ए भा.द.वि. के प्रकरण चल रहे थे। आवेदिका ने 2016 में एक लड़की को जन्म दिया था तथा दूसरे बच्चे का जन्म होना था तब गर्भावस्थता के 05 माह के समय में चिकित्सकीय जॉच रिपोर्ट आने पर उभयपक्ष के मध्य वाद-विवाद होने लगे और अनावेदक ने आवेदिका को साथ रखने से इंकार कर दिया तथा मारपीट की आवेदिका ने माननीय न्यायालय के समक्ष घरेलू हिंसा एवं भरण-पोषण की कार्यवाही की प्रकरण के चलते अनावेदक आवेदिका को साथ रखने के लिये तैयार हो गया। माननीय न्यायालय द्वारा उभयपक्ष को समझाईश दी गई ओर पृथक-पृथक उभय पक्षों के तथ्यों को सुनने के उपरांत उभय पक्ष के मध्य सुलहवार्ता कराई गई जिसके चलते उभयपक्षों के मध्य राजीनामा होकर साथ-साथ रहने को तैयार हो गये।
माननीय न्यायालय श्रीमती पूजा अहिरवार, व्यवहार न्यायाधीश, सागर के न्यायालय में लंबित प्रकरण में वादी के पिता 04 भाई थे जिनमें हिन्दु परिवार की अविभाजित संपत्ति सागर शहर एवं उसके आस-पास के क्षेत्रों में स्थित थी वादी ने अपने पारिवारिक सदस्यों के विरूद्ध संपत्ति के बॅटवारा संबंधी एक वाद वर्ष 2022 में प्रस्तुत किया जिसमें परिवार के अन्य तीन भाईयों के बारसान कुल 11 प्रतिवादीगण थे वादीगण एवं प्रतिवादीगण के मध्य माननीय न्यायालय की उपस्थिति में सुलहवार्ता कराये जाने पर वादी एवं प्रतिवादीगण ने आपसी बॅंटवारा नामा कर संतुष्टि पूर्ण कार्यवाही कर राजीनामा कर प्रकरण का निराकरण कराया।
: जबलपुर रेल मंडल के अधिकारियों के साथ नवनिर्वाचित सांसदों की हुई पहली ही बैठक में सागर
Sat, Sep 14, 2024
सागर/ सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार के विजन से अधिकारियों को अवगत कराया ।
सुविधाओं के विस्तार में अधिकारी असंभव कार्य को भी संभव कर योजना बनाकर उन्हें क्रियान्वित करें- सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े
सागर/ 14 सितंबर 2024/ 13 सितंबर को जबलपुर में आयोजित जबलपुर रेल मंडल के सांसदों और अधिकारियों की हुई बैठक में सागर सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने अधिकारियों को लोकसभा क्षेत्र सागर में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी के विजन से स्पष्ट तौर पर अवगत कराते हुये कहा कि माननीय प्रधानमंत्री और माननीय रेल मंत्री द्वारा बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास के लिए चिंता की जा रही है, रेल बजट के लिए बड़ी राशि जारी की गई है इसलिए अधिकारियों को चाहिए कि इस क्षेत्र में रेल सुविधाओं का विस्तार करें और असंभव कार्य को संभव बनाने की सोच के साथ नयी योजनाएं बनाएं और उनको मूर्त रूप दें साथ ही साथ जो धीमी गति से निर्माण कार्य चल रहे है, उनको गति दे ताकि जल्दी से जल्दी यात्रियों को उन सुविधाओं का लाभ मिल सके। बैठक मे उन्होंने सुझाव दिया कि ट्रेन संख्या 22614 अयोध्या से रामेश्वरम चलने वाली साप्ताहिक ट्रेन जो वायां जबलपुर होकर जाती है उसे अन्य दिनों में वायां कटनी दमोह सागर विदिशा भोपाल नागपुर से चलाया जाए, ट्रेन संख्या 12194 जबलपुर से बेंगलुरु तक चलने वाली साप्ताहिक ट्रेन को भी अन्य दिनों में वायां कटनी, दमोह, सागर, विदिशा, भोपाल नागपुर से चलाया जाए। ट्रेन संख्या 22684 लखनऊ से बेंगलुरु तक चलने वाली साप्ताहिक ट्रेन जो वायां जबलपुर होकर चलती है इसे भी सप्ताह के अन्य दिनों में वायां कटनी, दमोह, सागर, विदिशा, भोपाल से चलाया जाए। ट्रेन संख्या 22407/22408 निजामुद्दीन अंबिकापुर साप्ताहिक ट्रेन जो सागर से चलती है इसे प्रतिदिन या सप्ताह में तीन बार चलाया जाए और इसमें स्लीपर कोच की संख्या बढ़ाई जाए । गोंडवाना एक्सप्रेस जो रात 2:30 बजे सागर आती है जिससे यात्रियों को परेशानी होती है ।
प्रस्तावित नई ट्रेन संख्या 22137/22138 दमोह-नागपुर एक्सप्रेस ट्रेन दमोह से सागर के रास्ते नई ट्रेन चलाया जाना बरसों से लंबित है उसे शीघ्र प्रारंभ कराया जाए। शिप्रा एक्सप्रेस 22911 इंदौर हावड़ा पूर्व रेल मंत्री की घोषणा अनुसार इसे प्रतिदिन चलाने की व्यवस्था की जाए। इन ट्रेनों के किये जाए स्टॉपेज-- ट्रेन क्रमांक 22172 वंदे भारत एक्सप्रेस इसका स्टॉपेज बीना जंक्शन में किया जाए। ट्रेन क्रमांक 22181 जबलपुर निजामुद्दीन इसका स्टापेज सागर शहर के उपनगरीय क्षेत्र मकरोनिया में किया जाए। ट्रेन संख्या 22162 दमोह- भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन तक बढ़ाया जाए। ट्रेन संख्या 14630 पातालकोट एक्सप्रेस इसका ठहराव मंडी बामोरा स्टेशन पर किया जाए, सागर शहर के मकरोनिया उपनगरीय क्षेत्र में ट्रेन संख्या 2281 और 22182 एक्सप्रेस, कामायनी एक्सप्रेस, शिप्रा एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि बीना जंक्शन में विभिन्न सुधार करने हेतु 150 करोड रुपए की लागत से निर्माण कार्य चल रहे हैं उन्हें शीघ्र पूर्ण किया जाए, जो आर.ओ.बी. निर्माण के कार्य चल रहे हैं उनका कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए, बीना-सागर स्टेशन की तरह अन्य स्टेशनों पर सोलर प्लांट लगाए जाएं। बीना जंक्शन महत्वपूर्ण जंक्शन है इसलिए इस स्थान पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को रोकने के लिए और स्टेशन की सुरक्षा मजबूत बनाने के लिए ‘’कवच’’ जैसी महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रणाली का उपयोग किया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि स्टेशनों पर जिले के ऐतिहासिक महत्व के स्थान और डॉक्टर हरि सिंह गौर के छायाचित्र भी बनाए जाएं ताकि लोगों को यहां के ऐतिहासिक और महापुरुषों के बारे में जानकारी हो। इसके अलावा बैठक में उन्होंने सागर-विदिशा 05, लोकसभा क्षेत्र में यात्री सुविधा और रेल सुविधाओं की विस्तार के संबंध में अन्य कई सुझाव दिए और अधिकारियों को सुझाव पर कार्यवाही करते हुए क्रियान्वित करने को कहा।
: आगामी त्यौहारों अनंत चतुर्दशी एवं ईद मिलादुन्नबी को लेकर सागर पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार।
Sat, Sep 14, 2024
सागर/ पुलिस अधीक्षक सागर विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशन में सागर पुलिस आगामी त्यौहार अनंत चतुर्दशी एवं ईद मिलादुन्नबी शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु प्रतिबद्ध है। शहर वासियों में सुरक्षा एवं शांति का भाव सुदृढ़ करने व पुलिस की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था का संदेश देने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आज शाम पुलिस फ़ोर्स द्वारा शहर में फ़्लैग-मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च
थाना कोतवाली से प्रारंभ होकर तीनबत्ती ,परकोटा ,भीतर बाज़ार ,नमक मंडी से तकिया मस्जिद ,नया बाजार से घंशु मुंशी मस्जिद, झूलतिराहा ,लच्छू तिराहा से वर्णी कॉलोनी ,राधातिराहा से बाहुबली कॉलोनी, विजय टॉकीज कटरा मस्जिद से रामपुरा वार्ड होते हुए सराफा सरस्वती मंदिर से मोराजी जैन मंदिर से चकरा घाट कोतवाली में समापन हुआ
फ्लैग मार्च में उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री मयंक सिंह चौहान
रक्षित निरीक्षक श्री नितेश वायकर, थाना प्रभारी कोतवाली नवीन जैन सहित शहर के थानों के थाना प्रभारीगण, थानों एवं पुलिस लाइन का बल शामिल हुआ। इसी प्रकार जिले के सभी बड़े कस्बों एवं थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा स्थानीय अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं थाना प्रभारियों के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया पुलिस प्रशासन द्वारा आगामी त्यौहार ईद मिलादुन्नबी एवं अनंत चतुर्दशी की संपूर्ण तैयारी कर ली गई है। विभिन्न पांडाल आयोजको से समन्वय एवं शांति समितियों की बैठक लेकर कार्य योजना भी तैयार कर ली गई है। उक्त त्योहारों को शांति पूर्ण ढंग सम्पन्न कराने हेतु सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस के फिक्स पिकेट्स लगाएं जाएंगे। पुलिस के मोबाइल व्हीकल एवं बाइक पार्टी द्वारा सतत पेट्रोलिंग की जाएगी। इसके अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन कैमरों की मदद से सम्पूर्ण क्षेत्र की निगरानी की जाएगी। पुलिस की टीम द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है किसी के द्वारा भी कोई आपत्तिजनक पोस्ट की गई तो सागर पुलिस द्वारा कड़ी कार्यवाही की जावेगी।
सागर पुलिस की अपील
सागर पुलिस की सभी से अपील है कि त्यौहारों के दौरान शांति और सौहार्द का माहौल बनाए रखने में हमारा सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अफवाह या गलत सूचना न फैलाएं। यदि आपको कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो तुरंत पुलिस को 100/112 पर सूचित करें।
सागर पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए हमेशा तैयार है।