कटनी। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने रिश्वत लेते हुए : कटनी-5 हजार की घूस लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई
पवन श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ कटनी
Tue, Jun 9, 2026
5 हजार की घूस लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई
कटनी। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने मंगलवार को एक बार फिर बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। टीम ने स्लीमनाबाद तहसील के ग्राम कौड़िया में पदस्थ पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। पटवारी साहब एक किसान से जमीन के सीमांकन (नाप-जोख) के एवज में इस रकम की डिमांड कर रहे थे।
चार बार कराया सीमांकन, फिर भी अटका रखी थी रिपोर्ट
इस पूरी कार्रवाई के पीछे पीड़ित की लंबी प्रताड़ना की कहानी है। जानकारी के अनुसार, कौड़िया निवासी शिकायतकर्ता शिव कुमार जायसवाल अपनी जमीन का सीमांकन कराने के लिए दफ्तरों के चक्कर काट-काट कर परेशान हो चुका था। बताया गया है कि पीड़ित ने पटवारी से चार बार सीमांकन करवाया, लेकिन पटवारी साहब हर बार बिना 'सेवा-पानी' के ग्राउंड रिपोर्ट तैयार करने को राजी नहीं थे। रिपोर्ट दबाकर बैठना और किसान को दौड़ाना, पटवारी की आदत बन चुका था। अंत में परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत लोकायुक्त से कर दी।
लोकायुक्त के जाल में फंसे पटवारी साहब
जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने शिकायत की गोपनीय जांच कराई, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद मंगलवार को लोकायुक्त की टीम ने तहसील क्षेत्र में जाल बिछाया। जैसे ही पीड़ित शिव कुमार जायसवाल ने पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा को केमिकल लगे 5 हजार रुपये थमाए, वैसे ही पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त की टीम ने आरोपी पटवारी को रंगे हाथों धर दबोचा। हाथ धुलवाते ही पटवारी के हाथ गुलाबी हो गए।
तहसील में मचा हड़कंप
सरेआम हुई इस कार्रवाई से स्लीमनाबाद तहसील परिसर और राजस्व अमले में हड़कंप मच गया है। कार्रवाई के बाद लोकायुक्त की टीम आरोपी पटवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि मामले के अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है और जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक प्रेस नोट जारी कर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन